पानीपत। रासायनिक खादों व कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने और किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरकार ने हरियाणा ऑर्गेनिक फार्मिंग योजना शुरू की है। योजना के तहत प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने वाले किसानों को पांच साल तक प्रति एकड़ 10 हजार रुपये वार्षिक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा जैविक खाद यानी वर्मी कम्पोस्ट की खरीद पर किसानों को 80 प्रतिशत तक सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है।
कृषि विभाग की ओर से रबी सीजन के लिए योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक किसान 31 दिसंबर तक आवेदन व खरीद कर सकते हैं। खरीदे गए वर्मीकम्पोस्ट के बिल की हार्ड कॉपी खंड कृषि कार्यालय में जमा करवानी होगी। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। इसके माध्यम से किसानों की फसल और कृषि भूमि से संबंधित जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद अनुदान सीधे बैंक खाते में भेजा जाएगा। वर्मी कम्पोस्ट के इस्तेमाल से मिट्टी में जैविक तत्वों की मात्रा बढ़ाने और फसल उत्पादन को टिकाऊ बनाने में मदद मिल सकती है।
वर्जन-
सरकार की इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को रासायनिक खेती के विकल्प के रूप में प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। पात्र किसानों को पांच साल तक प्रति एकड़ 10 हजार रुपये सालाना प्रोत्साहन देने के साथ वर्मी कम्पोस्ट की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है। रबी सीजन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर है। किसान मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण अवश्य करवाएं।
- डॉ. देवेंद्र कुहाड़, उपमंडल कृषि अधिकारी, पानीपत।