रेवाड़ी में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शुक्रवार सुबह से हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने लगा है। शहर की कई सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और ठंड का अहसास बढ़ गया है। लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं।
जिले में 29 अक्टूबर सुबह आठ बजे से 30 अक्टूबर सुबह आठ बजे तक हुई बारिश के आंकड़ों के अनुसार रेवाड़ी में 46.4 एमएम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 56 एमएम बारिश पल्हावास में हुई। वहीं मनेठी में 15 एमएम, धारूहेड़ा में 29.5 एमएम, दहिना में 34.5 एमएम, बावल में 31 एमएम, कोसली में 20 एमएम और नाहड़ में 20.4 एमएम बारिश दर्ज की गई।
बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों और सड़कों पर पानी जमा हो गया। कई स्थानों पर वाहन चालकों को जलभराव के बीच से गुजरना पड़ा। वहीं मौसम में ठंडक बढ़ने से सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड महसूस होने लगी है। बारिश का असर दैनिक गतिविधियों पर भी देखने को मिला।