पानीपत। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान विकसित कृषि संकल्प अभियान -2025 के शनिवार को होने वाले जिला स्तरीय आयोजन में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज ने इसके लिए शुक्रवार को जिला सचिवालय कार्यालय में कृषि विभाग, मत्स्य, बागवानी, पशुपालन विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र ऊझा के अधिकारियों के साथ बैठक ली। अधिकारियों को कार्यक्रम की आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन आर्य पीजी महाविद्यालय में शनिवार को दोपहर बाद दो बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यातिथि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान रहेंगे। कार्यक्रम का नोडल अधिकारी जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश शर्मा को नियुक्त किया गया है। अभियान का उद्देश्य खरीफ के लिए वैज्ञानिक फसल उत्पादन तकनीकों के साथ बागवानी फसलों और पशुधन स्वास्थ्य, पशुपोषण, टीकाकरण और एकीकृत फसल प्रणाली पर ध्यान केंद्रित करने के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। 12 जून तक चलने वाले इस अभियान में वैज्ञानिक की टीम ने गांव -गांव जाकर किसानों से सीधा संवाद प्रारंभ किया है। अभियान किसानों की दशा व दिशा का मार्ग प्रशस्त करेगा। इसी कड़ी में विशेषज्ञों ने शुक्रवार को छाजपुर कलां समेत कई गांवों में किसानों को जागरूक किया। इस अवसर पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश शर्मा, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. आत्माराम गोदारा, पशुपालन विभाग के उप-निदेशक डॉ. संजय आंतिल व जिला बागवानी अधिकारी सार्दुल शंकर उपस्थित रहे।