पानीपत। गांव डाडोला के युवक ने छह फाइनेंसरों की प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। युवक ने सनौली रोड पर सब्जी मंडी के पास जहरीला पदार्थ खाया। युवक को राहगीरों ने सनौली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस युवक के होश में आने का इंतजार कर रही है। वहीं युवक के भाई ने गांव के पांच और पसीना गांव के एक फाइनेंसर पर उसे पैसों के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव डाडोला निवासी संजय ने बताया कि उसका ममेरा भाई सुनील पहले फाइनेंस का काम करता था। सुनील ने एक साल पहले गांव के ही छह लोगों से लगभग 30 लाख रुपये लिए थे। ये फाइनेंसर एक लाख रुपये पर तीन हजार रुपये प्रतिदिन ब्याज लेते थे। इनकी रकम लौटाने के लिए उन्होंने अपना मकान छह लाख रुपये में गिरवी रखा था। जेवर और कार बेचकर लगभग 90 लाख रुपये दे चुके हैं लेकिन फाइनेंसर अब भी सुनील को रकम के लिए परेशान कर रहे थे। इससे सुनील मानसिक रूप से परेशान भी हो चुका था। सोमवार शाम को सुनील ने सब्जी मंडी के पास जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर के प्रभाव से सुनील यहां उल्टी कर रहा था। एक व्यक्ति ने उसकी हालत खराब होती देख उसे सनौली रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद डॉक्टरों ने फोन कर उन्हें घटना की सूचना दी। फिलहाल सुनील की हालत गंभीर है। उनकी मांग है कि आरोपी फाइनेंसरों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।