संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। नेशनल हाईवे पर नौल्था गांव में शुक्रवार सुबह दस बजे ईंटों से भरा एक ट्रैक्टर-ट्राली कार को बचाने के चक्कर में डिवाइडर से टकराकर पलट गया। ट्रैक्टर-ट्राली के पलटने के बाद ईंटें सड़क पर बिखर गईं। जिस कारण हाईवे पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लग गया। जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ओम एग्रीकल्चर भट्ठा कंपनी की ट्रैक्टर-ट्राली में ईंट लोड कर ट्रैक्टर चालक पानीपत जा रहा था। नौल्था गांव के मुख्य चौराहे पर पहुंचने पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने अचानक ओवरटेक करते हुए कट लगाया। कार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगाए। इससे ट्रैक्टर-ट्राली बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। जिसके बाद ट्रैक्टर चालक और दो मजदूरों ने कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू किया। थाना इसराना के प्रभारी महिपाल ने बताया कि पुलिस मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी।