पानीपत। किशनपुरा में चाचा ने भतीजे पर तलवार से हमला कर दिया। युवक के दादा ने भी उनके साथ मारपीट की। इनकी पारिवारिक बैठक के दौरान आपस में कहासुनी हुई थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत चांदनी बाग थाना पुलिस में दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन नामजद समेत 10-15 लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किशनपुरा निवासी राकेश कुमार ने बताया कि 13 नवंबर को उसकी दादी मेहंद्रों देवी का बीमारी के कारण देहांत हो गया था। उनके देहांत के बाद उनके परिवार के लोग 24 नवंबर को उनके घर एकत्रित हुए थे। यहां बातचीत के दौरान उसके दादा राजपाल व चाचा गोलू की उनके साथ कहासुनी हो गई थी। उसके चाचा गोलू ने यहां आपराधिक प्रवृति के युवक बुला लिए। चाचा गोलू ने उस पर तलवार से हमला कर दिया। दादा राजपाल व राजेंद्र ने उसके चाचा बिट्टू को लात घूसे से मारे। इन्होंने उसकी मां रानी देवी को भी पीटा। उनकी पुलिस से मांग है कि राजपाल, गोलू, रजत, राजेंद्र व अन्य 10-15 बदमाशों पर कार्रवाई की जाए।