पानीपत। निजामपुर गांव के किसान बिजेंद्र की हत्या के मामले में किसान मजदूर संगठनों ने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त किया है। साथ ही इस मामले में कार्रवाई के लिए 15 जून तक का समय दिया है। तब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो 16 जून को सभी संगठन प्रदर्शन कर डीसी और एसपी कार्यालय का घेराव करेंगे। पूरे मामले की हाईकोर्ट के जज से न्यायिक जांच कराने की मांग की। वहीं इनेलो मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में जिला सचिवालय पर धरना देगी
निजामपुर गांव में किसान बिजेंद्र की सोमवार को शोकसभा के बाद गांव में किसान और मजदूर संगठनों की पंचायत हुई। मृतक किसान बिजेंद्र के भाई रमेश ने दो जून बिजेंद्र के साथ हुई पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस मामले में परिवार को न्याय और उनको अपनी जमीन पर कब्जा चाहिए। भाकियू टिकैत के युवा प्रदेशाध्यक्ष रवि आजाद ने कहा कि 21 सदस्यीय शहीद किसान बिजेंद्र सिंह न्याय संघर्ष समिति का गठन किया गया। इसमें बिजेंद्र के भाई रमेश, गांव के सरपंच और पूर्व सरपंच को शामिल किया गया है ।
15 जून तक गिरफ्तारी नहीं हुई तो 16 जून को जीटी रोड पर टोल प्लाजा के पास ताऊ देवी लाल पार्क में किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ता एकत्र होंगे। इसके बाद मार्च करते हुए जिला सचिवालय पर पहुंचकर डीसी और एसपी के कार्यालय का घेराव किया जाएगा। पंचायत की अध्यक्षता किसान नफे सिंह निजामपुर ने की । संचालन मजदूर संगठन सीटू के जिला प्रधान कामरेड सुनील दत्त ने किया। डीएसपी नवीन संधू ने कहा कि जांच हो रही है। पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट का मिलान किया जाएगा।