सनौली। सनौली खुर्द से सनौली कलां सड़क पर मंगलवार देर शाम करीब आठ बजे एक तेज रफ्तार हाइड्रा क्रेन के कुचलने से सड़क किनारे मोटरसाइकिल पर बैठे यूपी के कैराना के गांव के देबाहेड़ी के दो मजदूरों की कुचलने से मौत हो गई। उनसे कुछ दूरी पर खड़ा तीसरा मजदूर बाल-बाल बच गया।
चालक हाइड्रा क्रेन मौके पर ही छोड़ कर भाग गया। दोनों मजदूर यूपी से सनौली कलां गांव में अन्य साथी मजदूरों के साथ गन्ना छिलाई करने के लिए किसान के खेत में आए हुए थे। थाना सनौली के प्रभारी वेदवाल ने बताया कि पुलिस को मंगलवार देर शाम को सनौली खुर्द से सनौली कलां सड़क पर सड़क हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि कैराना के गांव देबा हेड़ी के प्रमोद और कौशर राणा माजरा में एक किसान के खेत में गन्ना छिलाई करते थे। वे अब धनसौली गांव में एक अन्य किसान के पास गन्ना छिलाई करने की बात करने जा रहे थे।
वे सनौली खुर्द से सनौली कलां जाने वाली सड़क से जा रहे थे। उनका एक साथी देवेंद्र शौच करने चला गया। वे दोनों सड़क किनारे मोटरसाइकिल के साथ खड़े थे। इसी समय एक व्यक्ति हाइड्रा क्रेन तेज गति में लेकर आया और मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी।