पानीपत। नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स के बकायादारों पर फिर से कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम ने वीरवार को रामलाल चौक पुराना औद्योगिक क्षेत्र रोड स्थित पुराना पंजाब नेशनल बैंक के भवन समेत प्रॉपर्टी को सील कर दिया। पुराना पंजाब नेशनल बैंक की प्रॉपर्टी के मालिक पर 40 लाख रुपये का टैक्स बकाया है। वहीं दूसरे भवन मालिक पर 2.43 लाख रुपये का टैक्स बकाया है।
नगर निगम की प्रॉपर्टी टैक्स शाखा ने वीरवार को पुराना औद्याेगिक रोड स्थित दो प्रॉपर्टी मालिकों से टैक्स के विषय में कार्रवाई के लिए पहुंची। ड्यूटी मजिस्ट्रेट नगर निगम के सीपीओ राकेश कादियान रहे। एहतियात के ताैर पर पुलिस साथ रही। टीम ने रामलाल चाैक के पास इंडस्ट्री एरिया वाली सड़क पर स्थित शशी नाम के व्यक्ति व उनके पार्टनर की प्रॉपर्टी की जांच की। इस पर 2.3 कराेड़ रुपये का टैक्स बकाया है। संबंधित मालिक ने टैक्स जमा कराने में असमर्थता जताई। टीम ने प्रॉपर्टी को सील कर दिया। टीम इसके बाद रामलाल चाैक के पास पुराना पंजाब नेशनल बैंक के भवन पर पहुंची। उक्त भवन पर करीब 40 लाख टैक्स बकाया है। भवन मालिक ने टैक्स जमा नहीं कराया तो प्रॉपर्टी को सील कर दिया।