समालखा। वाल्मीकि बस्ती के दो खिलाड़ियोंं ने नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर परिजनों के साथ ही प्रदेश का नाम रोशन किया। दोनों स्वर्ण पदक विजेता सौरव व तरुण का बुधवार को समालखा रेलवे-स्टेशन पर परिजनों के साथ नगर पार्षद विनोद वाल्मीकि ने फूल मालाओं से स्वागत किया। पार्षद विनोद वाल्मीकि ने दोनों खिलाडि़यों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी भाग लेना चाहिए। जिससे शारीरिक विकास होता है और दूसरे बच्चों को भी प्रोत्साहन मिलता है। साथ ही नशे की लत से युवा दूर रहकर खेलों में ध्यान केंद्रित करें। जिससे वे पदक हासिल कर जिले के साथ ही प्रदेश का नाम रोशन करते हैं।
ताइक्वांडो कोच हिमांशु गोस्वामी व कोच सोनू ने बताया कि एक से तीन जून तक यूपी के वृंदावन, मथुरा में संपन्न स्वामी विवेकानंद द्वितीय ओपन नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप- 2025 में हरियाणा राज्य की तरफ से खेलते हुए वाल्मीकि बस्ती निवासी सौरव ने 55 किलोग्राम भार में व तरुण ने 48 किलोग्राम भार में सराहनीय प्रदर्शन किया और दोनों खिलाडि़यों ने स्वर्ण पदक जीता। समालखा पहुंचने पर स्वर्ण पदक विजेताओं का ढोल व डीजे के साथ रेलवे स्टेशन से लेकर वाल्मीकि बस्ती तक रोड शो निकाला। इस मौके पर राजपाल, बलबीर, सुंदर, राजबीर, प्रवीण, जितेंद्र व संजय मौजूद रहे।