पानीपत। घर के सामने से गाड़ी हटाने के विवाद में पड़ोस में रहने वाले दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने घर में आकर मारपीट की और लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर किया। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी। एक पक्ष ने थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
रमेश नगर निवासी रामकुमार अग्रवाल ने बताया कि उनकी बाजार में दुकान है। वह बुधवार दोपहर को खाना खाने के लिए घर पर आए थे। करीब तीन बजे जब वह वापस जाने लगे तो उनके घर के सामने पड़ोसियों की दो गाड़ी खड़ी थी। उसने पड़ोसी से गाड़ी हटाने को कहा तो पड़ोसियों के साथ विवाद हो गया। रामकुमार का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने उनके घर पर आकर मारपीट की और रिवाल्वर से फायर किया। आरोपी वकील हैं और लगातार धमकी दे रहे हैं। रामकुमार ने थाना तहसील कैंप में पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी दीवान सिंह ने बताया कि झगड़े में फायर करने की शिकायत मिली है। अभी मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जांच भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।