माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिले में कोरोना पॉजिटिव केसों में अचानक बढ़ोतरी हुई है। जिले में रविवार को पांच माह बाद कोरोना संक्रमित 80 केस मिले और तहसील कैंप के 50 वर्षीय और आरके पुरम के 66 वर्षीय निवासी की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। इनकी मौत के बाद सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। रविवार को इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। जन सेवा दल के सदस्यों ने दोनों शवों का असंध रोड स्थित शिवपुरी में कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए अंतिम संस्कार किया।
सिविल सर्जन डॉ. संतलाल वर्मा ने बताया कि रविवार को जिले में 80 नए कोरोना के केस मिले हैं। ये केस दुर्गा कालोनी समालखा, सराय मोहल्ला, गांव सौधापुर, सेक्टर-12, मॉडल टाउन, रिफाइनरी, एनएफएल, एल्डिको, विराट नगर, बाबरपुर, सेक्टर 11, 6, 13 , 24, अंसल, जाटल रोड, यमुना एंक्लेव, श्री सीमेंट, किशनपुरा, गांव गवालडा, न्यायिक परिसर, नौल्था, गोपाल कॉलोनी, जिला जेल, अग्रसेन कालोनी, पुरेवाल कालोनी, देवी मूर्ति कालोनी, लक्ष्मी कालोनी, राजाखेड़ी, पटेल नगर, हनुमान कॉलोनी, इसराना, दलबीर नगर, अहर, बबैल और भाटिया कॉलोनी से पॉजिटिव मिले है।
सिविल सर्जन के मुताबिक रविवार को कोरोना से आठ लोग ठीक हुए हैं और 433 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। अब तक पानीपत में कोरोना के 11552 केस मिल चुके हैं। इनमें से 413 एक्टिव हैं। अब तक 10941 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। अब तक कोरोना से 164 लोगों की मौत हो चुकी है।