पानीपत की सिवाह जेल में पेशी पर आ रहे एक बंदी पर दो बंदियों ने नुकीली चीज से जानलेवा हमला कर दिया। बंदी को पुलिस पेशी पर ला रही थी। जैसे ही पुलिस उसे लेकर सिवाह जेल के गेट पर पहुंची, उस पर हमला कर दिया गया। पुलिस ने बीच बचाव कराया और घायल बंदी को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। पुलिस ने आरोपी बंदियों पर केस दर्ज कर लिया है। अब जेल पुलिस आरोपी बंदियों से पूछताछ कर रही है।
सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव पट्टीकल्याणा निवासी संदीप ने बताया कि वह समालखा थाना में 30 जुलाई 2022 को एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज हुए एक केस में पिछले करीब तीन माह से पानीपत जेल में बंद है। बुधवार को वह अपनी तारीख पर पेशी के लिए ब्लॉक दो की बैरक नंबर दो से जेल के गेट की तरफ जा रहा था। तभी जेल के अंदर ही गांव ललहेड़ी, सोनीपत निवासी रजनीश उर्फ भोलू और सुंदर पुत्र सतबीर ने उसका रास्ता रोक लिया। रास्ता रोककर उन्होंने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। रजनीश ने नुकीली चीज से दाहिनी आंख पर वार किया। सुंदर ने लात घूंसे मारे। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने अब पीड़ित को दूसरे बैरक में शिफ्ट कर दिया है।