समालखा। जीटी रोड पर रविवार को हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपते दिए हैं और वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गुरुनानक मोहल्ला निवासी महेश धीमान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता कृष्ण धीमान अपनी मोटरसाइकिल पर पानीपत से घर आ रहे थे। करीब साढ़े 12 बजे गीता सरोवर होटल के नजदीक पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को साइड मार दी। जिससे मोटरसाइकिल असंतुलित होकर डिवाडर से टकरा गई। इस हादसे में उसके पिता को गंभीर चोट आई। राहगीरों ने उन्हें समालखा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से गंभीर चोटों के कारण डाक्टर ने उन्हें रेफर कर दिया। पानीपत के अस्पताल में इलाज के लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
वहीं दूसरे हादसे में कार की टक्कर लगने से एक ट्रक चालक की मौत हो गई। पुलिस को दी शिकायत में विजय वासी गांव सिरा जम्मू कश्मीर ने बताया कि उसका भाई राकेश ड्राइवर और वह क्लीनर का काम करता है। वे दोनों तीन अप्रैल को गाजियाबाद से ट्रक में सामान लेकर जम्मू जा रहे थे। उनके ट्रक के पिछले टायर में आवाज आ रही थी। उसके भाई ने रात करीब साढ़े दस बजे सरताज होटल के सामने फ्लाईओवर से उतरते ही ट्रक को साइड में लगा दिया और नीचे उतरकर जांच करने लगा। इसी दौरान दिल्ली की तरफ से आई कार ने उसके भाई राकेश को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल अपने भाई को एंबुलेंस सरकारी अस्पताल पानीपत ले गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।