संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। समालखा की पुरानी गुड़ मंडी में मंगलवार की रात को राजेंद्र गाजर पाक वाले की दुकान पर फायरिंग कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
थाना पुलिस और सीआईए-1 की टीम ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया। पुलिस ने दो संदिग्धों को चिन्हित कर लिया है। वे आसपास के ही गांवों के बताए गए हैं। पुलिस की टीमें धरपकड़ में जुटी हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कर ली। उधर, फायरिंग के बाद से ही मिठाई व्यापारी राजेंद्र का परिवार दहशत में है। पुलिस ने परिवार की सुरक्षा के इंतजाम किए हैं।
मंगलवार की रात को करीब नौ बजे समालखा की पुरानी गुड़ मंडी में राजेंद्र गाजर पाक वाले की दुकान पर तीन हमलावरों ने फायरिंग की थी। फायरिंग करने से पहले एक आरोपी ने काउंटर पर पहुंचकर उन्हें रंगदारी की पर्ची सौंपी थी। जिसमें शीलू डाहर के नाम से एक करोड़ रुपये की मांग की गई थी। दो दिन में पैसा न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। शहर में हुई वारदात के बाद खलबली मच गई थी। आरोपियों ने पिस्तौल से दुकान पर चार फायर किए थे।
वारदात के बाद सीआईए-1 और थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। पुलिस टीम ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। जिसमें फायरिंग करने वाले तीनों आरोपी कैद हो गए। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश करने में जुटी है। देर रात तक पुलिस ने शहर के में 50 से अधिक लोकेशन पर फुटेज देखी। बुधवार को भी दिनभर पुलिस टीम जांच करती रही। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुछ संदिग्धों को पुलिस ने चिह्नित किया है। जिन पर वारदात में शामिल होने का शक है। संदिग्धों की धरपकड़ के लिए तीन टीमों को लगाया गया है।
दुकान पर मौजूद युवक पहुंचे पुलिस के पास : जिस समय वारदात हुई उस समय दुकान पर दो अन्य युवक भी मौजूद थे। उनमें एक एक युवक ने गाजर वाली बर्फी के दाम पूछे थे।
उसी बीच वारदात हो गई। जिस कारण दोनों युवक भी शक के दायरे में आ गए। जैसे ही उन्हें सुबह सूचना मिली तो वह तुरंत पुलिस के पास पहुंचे और बताया कि वह बदमाशों के साथी नहीं है। युवक ने बताया कि उनके मकान में मिस्त्री लगे हुए हैं। रात को काम खत्म होने के उनके लिए मिठाई लेने के लिए दुकान पर आए थे।