समालखा। एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने शनिवार देर शाम को समालखा से हथवाला रोड स्थित आटा मोड पर नाकाबंदी कर एक बाइक सवार दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान राक्सेडा गांव निवासी विकास उर्फ विक्की व संदीप के रूप में हुई है।
आरोपियों के पास से 10.30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज रविवार को पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जहां से आरोपी विकास उर्फ विक्की को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया और आरोपी संदीप को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी संदीप से कड़ाई से पूछताछ करने के साथ नशा सप्लायर के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।
एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी सुभाष ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि आरोपी संदीप नशा करने का आदी है। आरोपी संदीप ने साथी आरोपी विकास उर्फ विक्की को शार्टकट तरीके से पैसे कमाने का लालच दिया।
दोनों मिलकर तीन दिन पहले यूपी से 15 ग्राम हेरोइन कम कीमत पर खरीदकर लाए। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया उन्होंने कुछ हेरोइन अज्ञात नशा करने वालों को बेच दी और शनिवार को बची हेरोइन को लेकर बेचने के लिए बाइक पर सवार होकर ग्राहक की तलाश में घूम रहे थे। संवाद