पानीपत। जिले में दिन प्रतिदिन डेंगू का खतरा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को भी डेंगू के दो नए मरीज मिले। पाॅश एरिया मॉडल टाउन के 27 वर्षीय युवक व टीडीआई की 47 वर्षीय व्यक्ति की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहां से शनिवार को सैंपल सिविल अस्पताल में भेजे गए थे। सिविल अस्पताल की लैब में दोनों सैंपल पॉजिटिव मिले हैं। इस साल जिले में डेंगू के नौ केस हो चुके हैं। सात केस इसी माह मिले हैं। डेंगू से सात मरीज ठीक भी हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग अब टीडीआई व मॉडल टाउन में नगर निगम व जिला पंचायती राज विभाग की मदद से फॉगिंग कराएगा। इन क्षेत्रों में लोगों की स्लाइड भी तैयार की जा रही है। यहां एंटी लार्वा एक्टिविटी भी शुरू की गई है। इससे पहले दो अगस्तको जिले में डेंगू के दो दो मरीज मिले थे। बाढ़ व बरसात के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ी है। खेतों व खाली प्लॉटों में पानी जमा है। ये ही डेंगू व मलेरिया का बड़ा कारण बन सकता है।
हर बार तीन विभागों में तालमेल की कमी से फैला डेंगू व मलेरिया डेंगू व मलेरिया को कंट्रोल करने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम व जिला पंचायती राज विभाग की है। स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा रोगियों को स्वास्थ्य सेवाएं देने, स्लाइड तैयार करने व एंटी लारवा एक्टिविटी चलाने का है। नगर निगम की जिम्मा खाली प्लॉटों से पानी निकालने और शहर में फॉगिंग कराने का है। इस बार नगर निगम व जिला पंचायती राज विभाग को दवा नहीं मिल पाई है। तीनों विभागों में तालमेल की कमी के कारण हर बार डेंगू व मलेरिया पांव पसार लेता है। निगम ने प्लॉटों से पानी निकालने की प्रक्रिया तेज नहीं की है। नगर निगम के पास जो फॉगिंग मशीन हैं वह भी खराब बताई जा रही है।
सोमवार को मॉडल टाउन व टीडीआई में दो व्यक्तियों की डेंगू की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। जिले में डेंगू के रोगियों की संख्या नौ हो चुकी है। पूरे जिले में एंटी लार्वा एक्टिविटी चलाई जा रही है। लोगों को डेंगू के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है। जहां डेंगू के मरीज मिल रहे हैं, वह भी की जा रही है।
- डॉ. सुनील संदूजा, डिप्टी सिविल सर्जन