पानीपत के छोटूराम चौक निवासी सोमबीर की पत्नी की हत्या के दो दिन बाद उसके घर पर एक बार फिर हमला कर दिया और मकान में किसी भी सदस्य के न मिलने पर तोड़फोड़ कर दी।
हमले के बाद इलाके में डर का माहौल है। बदमाशों के दो दिन में दूसरी बार हमले से पुलिस सुरक्षा पर सवाल उठ गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच गंभीरता से करते हुए जल्द ही खुलासा करने का दावा किया है। छोटूराम चौक निवासी सोमबीर उर्फ सोनू के घर में बीती रात को हमला कर दिया। घर में परिवार के किसी भी सदस्य के न मिलने पर जमकर तोड़फोड़ की। परिवार के सदस्यों ने घर में रखे कीमती सामान को लूटने की आशंका जताई है।
शनिवार सुबह सूचना मिलने पर थाना शहर की भारी पुलिस मौके पर पहुंची और मौके का मुआयना किया। पुलिस ने एफएसएल की टीम की भी मदद ली।
एफएसएल की टीम ने नमूने जुटा लिए हैं। पुलिस ने पीड़ित सोमबीर और पड़ोस के लोगों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।