पानीपत। सीआईए-वन ने बैंक और एटीएम लूट के प्रयास की तीन वारदात का खुलासा किया है और चार आरोपियों को काबू किया है।
मतलौडा पुलिस ने चारों आरोपियों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। एसपी ने सीआईए प्रभारी और उनकी टीम को बधाई दी।
सीआईए प्रभारी जगदीप दूहन ने बीती रात को सूचना के आधार मतलौडा बस स्टॉप पर दबिश दी और यहां से मेहर सिंह निवासी आसन कलां, राजेश निवासी आसन कलां, संजीव और आबिद अली निवासी भूसला को काबू किया। पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में चारों ने बैंक लूट की दो और एटीएम लूट के प्रयास की एक वारदात को कबूला।
सीआईए प्रभारी जगदीप दूहन ने चारों को गिरफ्तार कर लिया और शनिवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से मतलौडा पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर ले लिया। सीआईए वन प्रभारी जगदीप दूहन की टीम में सब इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह, एएसआई इंद्र सिंह, धर्मबीर, सुरेंद्र, हवलदार रणदीप और सिपाही दीपक शामिल थे।
सीआईए-वन प्रभारी जगदीप दूहन ने बताया कि चारों आरोपियों ने जीटी रोड सुभाष नगर पानीपत स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आसन कलां स्थित बैंक ऑफ पटियाला व तीसरी वारदात आसन कलां स्थित बैंक एटीएम में लूट के प्रयास की वारदात कबूल की है। उन्होंने बताया कि आसन कलां स्थित बैंक ऑफ पटियाला में लूट के प्रयास में मेहर सिंह निवासी कुलदीप नगर पानीपत और राजेश निवासी आसन कलां का हाथ था।
दोनों ने वारदात को कबूल लिया है। इन्होंने 20 नवंबर 2011 को बैंक में लूट का प्रयास किया था। इसके कुछ माह बाद चार मार्च 2012 को आसन कलां स्थित एक बैंक के एटीएम को काटने का प्रयास किया था। जगदीप दूहन ने बताया कि मेहर सिंह और राजेश ने संजीव और आबिद अली निवासी भूसला को साथ लिया और 28 फरवरी की रात को सुभाष नगर जीटी रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ब्रांच में लूट का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर मेहर सिंह, राजेश, संजीव और आबिद अली को काबू किया है। चारों ने बैंक और एटीएम लूट के प्रयास की तीन वारदातों को कबूला है। चारों को कोर्ट में पेश किया गया। आरोपियों को जहां से मतलौडा पुलिस ले गई।
जगदीप दूहन, प्रभारी, सीआईए-वन पानीपत