पानीपत। हनीट्रैप में फंसाकर डेयरी संचालक से दो लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों दीवाना गांव निवासी सुमित व किशनपुरा निवासी राकेश को असंध रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये और एक गाड़ी बरामद की। वीरवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस फरार आरोपी हेड कांस्टेबल कुलदीप और महिला आरोपी की तलाश में जुट गई। उधर, आरोपी हैडकांस्टेबल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
एएसपी हर्षित गोयल ने बताया कि थाना माडल टाउन में एक कॉलोनी निवासी युवक ने हेड कांस्टेबल कुलदीप उसके साथी सुमित, राकेश और एक महिला पर हनीट्रैप में फंसाकर दो लाख रुपये ऐंठने के आरोप लगाए थे।
मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी। मंगलवार देर शाम को पुलिस ने दो आरोपियों राकेश और सुमित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार को दोनों को अदालत में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। आरोपी राकेश ने बताया कि उसकी असंध रोड स्थित एक निजी अस्पताल में लैब है। करीब 10 दिन पहले युवक हॉस्पिटल में आया था। जहां उन दोनों की दोस्ती हो गई और उसने युवक का मोबाइल नंबर ले लिया था। उसकी पहले से ही मूल रूप से करनाल के एक गांव और वर्तमान में सनौली रोड पर रह रही पिंकी, सुमित व हेड कांस्टेबल कुलदीप के साथ दोस्ती थी।
उसने साथी आरोपियों के साथ मिलकर युवक को झूठे केस में फंसाने का डर दिखाकर पैसे ऐंठने की साजिश रची। इसके बाद सभी ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की 40 हजार रुपये की धनराशि और एक कार बरामद की है। वीरवार को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान फरार आरोपियों के ठिकानों पर पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। ब्यूरो