पानीपत में हैंडलूम मजदूरों की ओर से किए जा रहे विरोध प्रदर्शन और धरने के बाद श्रम विभाग ने 20 फैक्टरी मालिकों को नोटिस जारी कर कार्यालय में तलब किया।
हैंडलूम मजदूर श्रम कानून लागू कराने की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं।
इंडस्ट्रियल वर्कर्स यूनियन पानीपत संबंधित सीटू के आह्वान पर हैंडलूम मजदूरों का अनिश्चितकालीन धरना मिनी सचिवालय में चौथे दिन सोमवार भी जारी रहा।
इस दौरान मजदूरों के एक प्रतिनिधि मंडल ने पीएन अत्री, श्रम अधिकारी से मुलाकात की और अपनी मांगें रखी।
सीटू जिला प्रधान सुनील दत्त ने बताया कि श्रम अधिकारी के समक्ष श्रम कानून को जल्दी ही लागू कराने की मांग रखी। अधिकारी ने मांगों को स्वीकार करते हुए करीब 20 फैक्टरी और कंपनियों को नोटिस जारी किया है। सभी के संचालकों को जल्दी ही कार्यालय में पहुंचने की बात कही।
धरने की अध्यक्षता कर रहे गुलाब और वेंकट सिंह ने कहा कि प्रशासन और श्रम विभाग ने श्रम कानून लागू कराने में देरी की तो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। आंदोलन ओर भी ज्यादा तेज हो जाएगा। उन्हाेंने कहा कि गूंगे और बहरे प्रशासन के कान खोलने के लिए जोरदार धमाके की जरूरत है।
उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचारी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी फैक्टरी मालिकों से मिले हैं। इसी कारण श्रम कानून को जल्दी लागू नहीं किया जा रहा है। सचिव आनंद ज्वाहरा और प्रधान जय भगवान ने कहा कि करीब 90 प्रतिशत मजदूरों के नाम हाजिरी रजिस्टर में नहीं है। इससे श्रमिकों में भारी रोष है।