पानीपत। आर्य कॉलेज के खिलाड़ी तुषार ने बॉक्सिंग में राष्ट्रीय स्तर पर अपने पंच का लोहा मनवाते हुए कांस्य पदक जीतकर कॉलेज व जिले का नाम रोशन किया है। ये प्रतियोगिता भारतीय खेल प्राधिकरण रोहतक में आरईसी के तत्वावधान में छह से 22 अक्तूबर से आयोजित कराई जा रही है।
कॉलेज में सोमवार को खिलाड़ी तुषार को सम्मानित किया। गया प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता व प्राध्यापकों ने मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य ने शारीरिक शिक्षा विभाग के सभी प्राध्यापकों व कोच को इसका श्रेय दिया है। प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि कॉलेज के बीए प्रथम वर्ष के छात्र तुषार ने बॉक्सिंग के 65 किलोग्राम भार वर्ग में भाग लिया। उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीता है। डॉ. गुप्ता ने बताया कि गत तीन वर्षों में कॉलेज के लगभग 60 विद्यार्थी खेल कोटे से अलग-अलग सरकारी विभागों में नौकरी पा चुके हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने आप को मानसिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए भी किसी न खेल को जरूर अपनाना चाहिए। तुषार ने इसका श्रेय शिक्षकों और अपने माता-पिता को दिया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को शिक्षा के साथ खेलों में भी आगे आना चाहिए।