समालखा। समालखा फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय रविवार को रेत से भरे ट्रक ने एक कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार चालक बाल-बाल बच गया। टक्कर के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया।
कोहंड गांव निवासी राजीव ने समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कार से पानीपत से पट्टीकल्याणा गांव जा रहा था। दोपहर करीब 12:30 बजे समालखा फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय पीछे से तेज गति से आ रहे रेत से भरे ट्रक चालक ने उसकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित होकर ग्रिल से जा टकराई, जबकि ट्रक पलट गया। हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा। उसने ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। समालखा थाना प्रभारी महिपाल ने बताया कि फ्लाईओवर के पास ट्रक की कार से टक्कर होने की सूचना मिली थी। शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद