पानीपत/इसराना। सिवाह गांव के पास नहर किनारे छह बदमाशों ने ट्रक चालक व क्लीनर पर चाकुओं व डंडों से हमला कर पांच हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने चालक व क्लीनर को ट्रक से नीचे फेंक दिया और ट्रक लेते गए। बदमाश ट्रक को बुड़शाम गांव के पास छोड़कर फरार हो गए। ट्रक चालक ने इसकी शिकायत इसराना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
पलवल के रंसिका गांव निवासी रफीक ने बताया कि वह पानीपत स्थित ईशा लोजिस्टिक सॉल्यूसन कंपनी में बतौर चालक काम करता है। वह शनिवार सुबह हिसार माल उतारकर वापस सेक्टर 25 स्थित अपनी कंपनी के कार्यालय में जा रहा था। उसके साथ ट्रक का क्लीनर परवेज भी था। सिवाह नहर पुल के पास छह युवक ट्रक में चढ़ गए। यह ट्रक के केबिन में घुस आए और उन पर चाकुओं व डंडों से हमला कर दिया। इन्होंने ट्रक को रोक लिया। उसने चाकू पकड़ने की कोशिश की तो उसके हाथ की अंगुलियां जख्मी हो गई। इन युवकों ने उससे पांच हजार रुपये छीन लिए और उन दोनों को ट्रक से नीचे फेंक दिया और वहां से ट्रक लेकर चले गए। उसने अपने मालिक को इसकी सूचना दी। मालिक ने जीपीएस के माध्यम से ट्रक की लोकेशन ट्रेस की तो ट्रक बुड़शाम गांव के पास खड़ा मिला। मालिक ने उसका जिला नागरिक अस्पताल में इलाज कराया । इसके बाद वह पुलिस को लेकर ट्रक को बुड़शाम गांव से लेकर आए।