पानीपत। जीटी रोड पर फ्लाइओवर पर राधा स्वामी सत्संग भवन के पास बीच सड़क पर खड़े ट्रक में डॉक्टर की मोटरसाइकिल टकरा गई। इससे उसकी मौत हो गई। डॉक्टर सिवाह गांव स्थित पार्क अस्पताल जा रहा था। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
रोहतक के बलंबा गांव निवासी राजेश ने बताया कि वह मजदूरी करता है। उसका बेटा जसवंत (25) सेक्टर 13-17 में रहता है। उसने हाल ही में रखी दादरी से एमबीबीएस की थी। वह पानीपत में डेढ़ साल से पार्क अस्पताल में डॉक्टर के रूप में कार्यरत था। 10 दिसंबर को सुबह नौ बजे उसका बेटा जसवंत अपने दोस्त आदित्य की मोटरसाइकिल लेकर ड्यूटी पर पार्क अस्पताल जा रहा था। जब वह फ्लाईओवर पर नजदीक राधा स्वामी सत्संग भवन के पास पहुंचा तो एक ट्रक बीच सड़क खड़ा था। इसमें उसके बेटे की मोटरसाइकिल टकरा गई। इससे बेटे की मौत हो गई। आरोपी ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। जसवंत अविवाहित था और दो भाई-बहनों में सबसे छोटा था।
वर्जन
पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, मामले की जांच शुरू कर दी है।
- इंस्पेक्टर बिलासा राम, प्रभारी, सेक्टर 13-17 थाना