संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। बिहार जाने वाली ट्रेनों के ठहराव और अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की मांग को लेकर शुक्रवार को पूर्वांचल समाज के लोग सड़क पर उतर आए। रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर जुटे लोगों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि जल्द उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
पूर्वांचल समाज के अध्यक्ष उमाशंकर ने कहा कि पानीपत से बिहार जाने के लिए फिलहाल आम्रपाली एक्सप्रेस प्रमुख ट्रेन है। उनका दावा है कि इस ट्रेन में यात्रियों की अत्यधिक भीड़ रहती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के लोग लंबे समय से भीड़भाड़ में यात्रा करने के लिए मजबूर हैं।
उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की घोषणाएं होती हैं, लेकिन बाद में समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता। रमेश, कुनाल और अजमेर ने कहा कि त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है और छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में लोग अपने घर बिहार जाते हैं। ऐसे में ट्रेनों में टिकट और सीट मिलना मुश्किल हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने पानीपत रेलवे स्टेशन पर गरीब रथ एक्सप्रेस का ठहराव देने की मांग की। इसके अलावा पुरुषोत्तम एक्सप्रेस और शहीद एक्सप्रेस को पानीपत के रास्ते चलाने तथा बिहार के लिए कम से कम दो नई विशेष ट्रेनें चलाने की मांग रखी।
मौके पर पहुंचे स्टेशन अधीक्षक मनीष कुमार शर्मा ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि ट्रेनों के ठहराव और संचालन से संबंधित मांगों को उच्चाधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में उचित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे स्टेशन पर अपनी मांगो के लिए नारेबाजी करते पूर्वांचल समाज के लोग। संवाद