माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। इंसार बाजार के व्यापारी संयुक्त व्यापार मंडल समिति के बैनर तले नगर निगम की थड़े और छज्जे तोड़ने की कार्रवाई के विरोध में आ गए हैं। व्यापारियों ने पहले पालिका बाजार और फिर महाबीर बाजार में बैठक की जिसमें निर्णय लिया गया कि निगम की ओर से जो ढाई फीट तक छूट दी गई है, वहां तक सामान रखा जाएगा।
नगर निगम से भी इसमें छूट की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि इसके बाद किसी प्रकार की कार्रवाई हुई तो विरोध किया जाएगा। वहीं समिति की बैठक के दो घंटे बाद ही नगर निगम की टीम ने सुखदेव नगर मोबाइल मार्केट और देवी मंदिर के बाहर 20 दुकानों के थड़े और छज्जे तोड़ दिए। इन सबके बीच संयुक्त व्यापार मंडल के पदाधिकारी चुप्पी साधे रहे। संयुक्त व्यापार मंडल समिति की बैठक सोमवार को पालिका बाजार में हुई जिसमें करीब 40 बाजार के प्रधान और प्रतिनिधि शामिल हुए जिसमें नगर निगम की थड़े और छज्जे तोड़ने की कार्रवाई पर चर्चा की।
समिति के प्रधान कृष्ण अग्रवाल ने हर विषय पर चर्चा की। वरिष्ठ पदाधिकारी राजेश सूरी ने कहा कि नगर निगम ने दुकानों के बाहर ढाई फीट के थड़े और छज्जे की छूट दी है। दुकानदारों को इन थड़ों में सामान रखने की छूट दी जाए। कुछ व्यापारी कुछ सामान थड़ों पर रखकर गुजर बसर कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बैठक में ढाई फीट तक जगह रखने का फैसला लिया है। व्यापारी इससे बाहर सामान रखते हैं तो वे स्वयं जिम्मेदार होंगे। इसके अंदर किसी प्रकार की कार्रवाई की तो सभी इसका विरोध करेंगे। चौड़ा बाजार के प्रधान सुरेश बवेजा ने कहा कि एक वरिष्ठ पदाधिकारी नगर निगम के टायलेट पर कब्जा किए हुए है। निगम का इस तरफ ध्यान नहीं है। मौके पर संजय सोनी, निशांत सोनी, मनीष सडाना, महेंद्र हुरिया, राकेश चुघ, तरुण नागपाल, शेरचंद कपूर, सचिन जताना, जगदीश बांगा व सुरेंद्र गर्ग मौजूद रहे।