पानीपत। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की तरफ से 10वीं-12वीं की टर्म-2 की परीक्षा 26 अप्रैल से आयोजित की जाएंगी। बोर्ड की तरफ से डेटशीट पहले ही जारी की जा चुकी है। इसी बीच एक बड़ी खबर आई है। इसके मुताबिक बोर्ड अब अधिकारिक वेबसाइट पर टॉपर्स की कॉपियां अपलोड कर सकता है।
हालांकि सीबीएसई बोर्ड ने आधिकारिक रूप से अभी इसकी पुष्टि नहीं की है लेकिन माना जा रहा है कि बेहतर रिजल्ट देने वाले स्कूल और छात्र की कॉपी सार्वजनिक की जाएगी। 10वीं और 12वीं टॉपर्स की विषयवार कॉपी सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर डाली जाएगी। साथ ही, अन्य छात्रों के फायदे के लिए सीबीएसई बोर्ड स्कूलों को भी कॉपी भेजेगा। माना जा रहा है कि इस निर्णय को लेकर अंतिम मुहर अगले सप्ताह तक लग सकती है।
गौरतलब है कि सीबीएसई टर्म-1 कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 30 नवंबर से 11 दिसंबर तक आयोजित की गई थीं। वहीं, कक्षा 12वीं के लिए टर्म1 की परीक्षाएं 1 दिसंबर से 22 दिसंबर तक आयोजित की गईं थी। वहीं, टर्म-2 की परीक्षाएं 26 अप्रैल से शुरू होंगी। फाइनल रिजल्ट दोनों ही परीक्षाओं के अंक को मिलाकर जारी किया जाएगा।
फिलहाल सीबीएसई बोर्ड की तरफ से टर्म-2 परीक्षाओं के एडमिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। सीबीएसई की ऑफिशियल वेबसाइट के ई-परीक्षा पोर्टल पर 10वीं और 12वीं टर्म-2 परीक्षा के प्रवेश-पत्र ऑनलाइन उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों को अपना एडमिट कार्ड प्राप्त करने के लिए अपने स्कूल में संपर्क करना होगा क्योंकि संबंधित स्कूल द्वारा ही डाउनलोड करने के लिए एडमिट कार्ड उपलब्ध कराया गया है।
टॉपर्स की कॉपी वेबसाइट पर अपलोड किए जाने बारे अभी कोई सर्कुलर जारी नहीं हुआ है। इस बारे अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। हालांकि इससे दूसरे विद्यार्थियों को प्रेरणा जरूर मिल सकती है। सीबीएसई की परीक्षाएं 26 अप्रैल से शुरू होंगी जिसके एडमिट कार्ड स्कूलों में उपलब्ध हैं। - विनीता तोमर, जिला कोऑर्डिनेटर, सीबीएसई, पानीपत।