पानीपत। जिले में 12 नवंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों को स्वस्थ और कुपोषण मुक्त बनाना है। इस अभियान में 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली निशुल्क खिलाई जाएगी। 19 नवंबर को मॉप-अप दिवस पर छूटे बच्चों को दवा दी जाएगी।
विज्ञापन
यह अभियान सरकारी व निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर चलेगा। उपायुक्त हरीश कुमार वशिष्ठ ने मंगलवार को अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के विकास और पढ़ाई पर बुरा असर डालता है। दवा के सेवन से एनीमिया से बचाव, एकाग्रता और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। उपायुक्त ने स्वच्छता अपनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने अभिभावकों से आशा वर्कर या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क करने के लिए निर्देशित किया।