अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने वीरवार को तीसरे दौर की वार्ता के बाद गेंद सीएम के पाले में डाल दी। शुक्रवार को दिल्ली के हरियाणा भवन में समिति के नेता सीएम मनोहरलाल खट्टर से मुलाकात करेंगे। सभवत: सीएम की मौजूदगी में आंदोलन खत्म करने की तैयारी है। वार्ता समाप्त होने के बाद जाट नेताओं के चेहरों पर रौनक दिखाई दी और उन्होंने खुलकर कहा कि पूरी बातचीत सकारात्मक माहौल में हुई। हालांकि जिलों में धरनों पर दिल्ली कूच की तैयारियां का दौर जारी है।
शिक्षामंत्री की अगुवाई रिफाइनरी में साढ़े तीन घंटे तक चली वार्ता के बाद मंत्री व प्रशासनिक अधिकारी भी राहत में नजर आए। संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने वार्ता में भाग लेने वाले समिति के सभी सदस्यों को सख्त हिदायत दी कि शुक्रवार तक चुप्पी बनाए रखे। सरकार व जाट नेताओं के बीच होने वाली वार्ता का समय आधिकारिक तौर पर दोपहर 12.30 बजे तय हुआ था। परंतु वार्ता 1.58 बजे शुरू हुई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण बेदी के डेढ़ घंटे देरी पर पहुंचने के बाद ही वार्ता शुरू हो पाई। हालांकि शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा व मुख्य संसदीय सचिव कमल गुप्ता तय समय पर रिफाइनरी के अतिथि गृह में पहुंचे और खानपान किया।
हर धरने से पहुंचे दो सदस्य
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के बैनर तले प्रदेश के जिलों में चल रहे प्रत्येक धरने से दो सदस्यों को रिफाइनरी में होने वाली वार्ता में शामिल होने के लिए बुलाया गया। लेकिन 105 के करीब सदस्य पहुंच गए। सुबह 10 बजे से ही जाट समाज के लोग रिफाइनरी में पहुंचने शुरू हो गए थे। सबसे पहले संघर्ष समिति के महेंद्र पूनिया हिसार से पहुंचे।
रोटी व हुक्का साथ लेकर आए
यशपाल मलिक के आदेश पर समिति के जिला अध्यक्ष सतबीर सिंह देशवाल उग्रा खेड़ी धरने से आलू-पूड़ी लेकर रिफाइनरी के सामुदायिक केंद्र पहुंचे। मलिक ने 12.29 बजे अन्य सदस्यों के साथ दोपहर का खाना खाया। इसकेबाद मलिक अन्य सदस्यों के साथ सामुदायिक केंद्र में होनी वाली वार्ता के लिए रणनीति बनाते रहे। संघर्ष समिति के सदस्यों द्वारा हुक्के का प्रबंध भी किया गया था।
किस दौर में क्या बातचीत
पहला चरण
सरकार व समिति के बीच दोपहर बाद 1:58 बजे बैठक शुरू हुई। यह चरण करीब एक घंटे तक चलता रहा। सरकार की तरफ से शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा व समिति की तरफ से राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने अपनी-अपनी बातों को रखा। दोनों पक्षों ने एक दूसरे की बातों को सुनने व समझने पर जोर दिया।
दूसरा चरण : दूसरे चरण की बैठक शाम 3:09 बजे शुरू हुई। इसमें मंत्री व अधिकारी अलग हॉल में चर्चा करने चले गए, जबकि समिति पदाधिकारी वहीं पर बैठे रहे। मंत्रियों ने पहले चरण में हुई बातचीत पर विचार विमर्श किया और सरकार के संज्ञान में भी पूरे मामले को डाला।
तीसरा चरण : तीसरे चरण की बैठक करीब 20 मिनट बाद शुरू हुई। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक व महासचिव अशोक बल्हारा समेत आधा दर्जन जाट नेताओं को उसी हॉल में बातचीत के लिए आमंत्रित किया। इनकी काफी देर तक बातचीत चलती रही।
चौथा चरण : मंत्री व जाट नेता करीब 4:12 बजे वापस पहले वाले हॉल में आ गए। सरकार के मंत्री व जाट नेताओं ने बातचीत को स्पष्ट किया। इसके बाद 4:30 बजे यशपाल मलिक समेत आठ-दस जाट नेता बाहर आ गए और पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा की।
पांचवां चरण : सरकार व मंत्रियों की पांचवें चरण की बैठक शुरू हुई। बैठक में करीब 5:23 बजे समिति की प्रमुख मांग पिछले आरक्षण आंदोलन में मारे लोगों के आश्रित परिवारों को योग्यता अनुसार नौकरी व मुआवजे की बात पर सहमति बन गई। बाकी छह मांगों पर भी सहमति जता दी। इसके बाद 5:34 बजे मंत्री व प्रशासनिक अधिकारी बाहर आ गए। जाट नेता अंदर हॉल में बैठक करते रहे। करीब 5:56 बजे वे भी बाहर आना शुरू हो गए।
---------
कौन-कौन शामिल रहे वार्ता में
सरकार की तरफ से शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, मुख्य संसदीय सचिव कमल गुप्ता और एसोसिएट मेंबर महम से भाजपा प्रत्याशी रहे शमशेर खटकड़ा व दादरी से सोमबीर सांगवान शामिल रहे। समिति की तरफ से यशपाल मलिक व राष्ट्रीय महासचि अशोक बल्हारा समेत करीब सौ लोग बैठक में शामिल हुए।
------------
टाइम लाइन
-सुबह 10 बजे डीसी चंद्रशेखर खरे व एसपी राहुल शर्मा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए रिफाइनरी के अतिथि गृह में पहुंचे।
-10.16 बजे संघर्ष समिति के सदस्य पहुंचने शुरू हुए।
-11.42 बजे हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा व सीपीएस कमल गुप्ता ने अतिथि गृह में पहुंचकर चाय-पान लिया।
-11.54 बजे हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव डीएस ढेसी व प्रशासनिक अधिकारियों का अमला पहुंचा।
-12.19 बजे संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक रिफाइनरी के गेट संख्या एक पर पहुंचकर पत्रकारों से चार मिनट के लिए रूबरू हुए।
-1.12 बजे समिति के राष्ट्रीय महासचिव अशोक बल्हारा के सामुदायिक केंद्र के बाहर पहुंचे और यशपाल मलिक व 15-20 अन्य लोगों से एक घंटे के करीब बातचीत करते रहे।
-1.23 बजे डीसी व एसपी अतिथि गृह से निकले और जाट नेताओं को सामुदायिक केंद्र में बैठाना शुरू किया।
-1.38 बजे देरी से पहुंचे सामाजिक न्याय अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण बेदी ने अतिथि गृह पहुंचकर चाय-पान लेने के बाद अन्य मंत्रियों व अधिकारियों के साथ सामुदायिक केंद्र पहुंचे।
-1.58 बजे सरकार व जाट समाज के बीच वार्ता शुरू हुई। जो नॉन स्टॉफ एक घंटे तक चली।
-3.09 बजे मंत्री व मुख्य सचिव केंद्र के दूसरे हॉल में जाकर गुप्त वार्ता करते रहे। जो 20 मिनट चली। इसी दौरान यशपाल मलिक, अशोक बल्हारा सहित अन्य को हॉल में बुलाया गया।
4.12 बजे मंत्री व मुख्य सचिव वापस केंद्र के पहले हॉल में आए और फिर से वार्ता का दौर शुरू हुआ। कुछ देर बाद यशपाल मलिक अन्य सदस्यों के साथ मीटिंग हॉल से बाहर आकर बात करने लगे।
-4.30 बजे समिति के यशपाल मलिक वापस हॉल में पहुंचे और फिर से वार्ता शुरू हुई।
-4.43 बजे रोहतक के पुलिस अधीक्षक पंकज नैन संघर्ष समिति के अशोक बल्हारा के कंधों पर हाथ रखकर वार्ता हॉल में लेकर गए।
-5.34 बजे वार्ता करने के बाद मंत्री व प्रशासनिक अधिकारी अतिथि गृह में पहुंचे।
-6.04 बजे रिफाइनरी के गेट संख्या एक पर यशपाल मलिक द्वारा पत्रकार वार्ता की गई।
-शाम 6.19 बजे अतिथि गृह में शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में वार्ता को सकारात्मक बताया।