फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परमात्मा के अहसास से सरल होगा आत्ममंथन : सुदीक्षा महाराज

विज्ञापन
विज्ञापन
समालखा। सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज ने कहा कि आत्ममंथन केवल साधारण सोचने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि अपने भीतर झांकने की साधना है। यह परमात्मा के अहसास से सरल हो सकती है। उन्होंने ये विचार समालखा के भोड़वाल माजरी स्थित 78वें वार्षिक निरंकारी संत समागम के तीसरे दिन रविवार को श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। चार दिवसीय संत समागम में रविवार को लाखों श्रद्धालु पहुंचे।
विज्ञापन

इस अवसर पर सतगुरु माता ने श्रद्धालुओं को आत्ममंथन के वास्तविक भाव को बताया। उन्होंने कहा कि कई बार हम भावनाओं के अधीन होकर किसी आसान कार्य को भी जटिल बना देते हैं जबकि प्रभु का सिमरण रूप में अहसास आते ही मन में अकर्ता का भाव प्रकट होता है। जिससे मन शांत होकर हर कार्य सहजता से पूर्णता की तरफ बढ़ता है। उन्हाेंने कहा कि दिनभर में कई बातें हमारे सामने आती हैं जिन्हें हम देखते हैं, सुनते हैं, सोचते हैं और कई बार किसी के मधुर वचन हमें मोह लेते हैं और कटू वचन मन को ठेस पहुंचाते हैं। इनमें से कौनसी बात को ग्रहण करना है इसका निर्णय व्यक्ति को स्वयं लेना होता है। ब्रह्मज्ञानी महात्मा अपने विवेक से सकारात्मक चुनाव कर जीवन में शांति और सुकून प्राप्त करते हैं।
सतगुरु माता ने उदाहरण देकर समझाया कि जिस तरह किसी हिल स्टेशन के कुछ प्वाइंट पर हमारी आवाज टकराकर उन पहाड़ों पर अथवा वहां की अन्य वस्तुओं पर कोई भी प्रभाव न डालते हुए प्रतिध्वनि के रूप में वापस आ जाती है। इसी प्रकार हम दूसरों से जैसा व्यवहार करते हैं उसकी प्रतिक्रिया हमारे पास ही आ जाती है। उन्होंने कहा कि आत्ममंथन वास्तव में स्वयं के सुधार का मार्ग है। जब मन निरंकार से जुड़ता है तो भीतर की शांति और बाहर का व्यवहार दोनों दिव्यता से भर जाते हैं। निरंकारी राजपिता रमित ने कहा कि धार्मिक क्षेत्र में परमात्मा के बारे में अलग-अलग दृष्टिकोण देखने-सुनने को मिलते हैं। वास्तव में परमात्मा एक ऐसा सत्य है जो पहले भी सत्य था, आज भी सत्य है और आगे भी सत्य ही रहेगा। यह एक सार्वभौमिक सत्य है। इसके बारे में अलग-अलग दृष्टिकोण का प्रश्न उत्पन्न नहीं हो सकता। ऐसे में परमात्मा की पहचान कर ही सार्वभौमिक सत्य को जाना जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें