माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। चांदनीबाग थाना क्षेत्र के सेक्टर-25 पार्ट-2 में एक गोदाम में बेडशीट पार्सल की चोरी के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं और एक ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है। महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि वह कूड़ा बीनती हैं और उन्होंने गोदाम का पिछला दरवाजा तोड़कर चोरी की।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि सेक्टर-25 पार्ट टू में रितेश के गोदाम से बेडशीट के पार्सल चोरी हुए थे। मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। शुक्रवार शाम को टीम को सूचना मिली थी कि सेक्टर 24 में उग्राखेड़ी मोड़ के पास तीन महिलाएं व एक व्यक्ति ऑटो में सामान से भरे बोरे रखकर बेचने की फिराक में खड़े हैं। टीम में महिला पुलिसकर्मी को शामिल कर मौके पर दबिश देकर तीनों महिलाओं सहित चारों को काबू किया।
आरोपी इंद्रा कॉलोनी कच्ची फाटक निवासी नीलम, विद्या, सलमा व कोहंड निवासी विनोद के कब्जे से बाेरे बरामद किए गए। जिनमें काफी संख्या में बेडशीट मिली। पूछताछ पर आरोपियों ने बेडशीट करीब एक सप्ताह पहले सेक्टर 25 पार्ट टू में एक गोदाम से चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी महिलाओं ने बताया वह तीनों कबाड़ बीनती हैं। उन्होंने गोदाम का पिछला दरवाजा तोड़कर बेडशीट के पार्सल चोरी कर ऑटो ड्राइवर सोनू की ऑटो में रखकर घर ले गई थी।