श्री तारा एन्क्लेव कॉलोनी में बैठक करते स्थानीय लोग। संवाद
समालखा। श्री तारा एन्क्लेव कॉलोनी के सुचारू विकास, जन समस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर देखभाल के उद्देश्य से रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) ने रविवार को एक अहम बैठक आयोजित की। एसोसिएशन के प्रधान सुभाष रमन की अध्यक्षता में हुई इस मीटिंग में सर्वसम्मति से कॉलोनी की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए तीन विशेष उप-कमेटियों का गठन किया गया।बैठक की शुरुआत में आरडब्ल्यूए संरक्षक पीपी कपूर ने कॉलोनी के सुनियोजित विकास और निवासियों की समस्याओं के प्रभावी हल के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उनके प्रस्ताव पर सभी सदस्यों ने सहमति जताते हुए कार्यों के विभाजन का निर्णय लिया। इसके तहत कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने की जिम्मेदारी रिटायर्ड सैनिक हरीश शर्मा के नेतृत्व में गठित चार सदस्यीय कमेटी को सौंपी गई है, जिसमें अजीत कुमार, सुमित शर्मा और सुरेंद्र छौक्कर को शामिल किया गया है।
स्वच्छता, बिजली और शुल्क संग्रहण की अलग व्यवस्था
कॉलोनी में स्वच्छता कार्यों की नियमित देखरेख के लिए रिटायर्ड सैनिक सुरेश छौक्कर की अगुवाई में अश्वनी त्यागी, बलबीर राठी और अमित सहरावत की चार सदस्यीय उप-कमेटी बनाई गई है। वहीं, बिजली से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए रामचंद्र के नेतृत्व में जॉनी शर्मा, संदीप चौहान, जगबीर पंवार और प्रदीप मास्टर सहित पांच सदस्यीय उप-कमेटी गठित की गई है। इसके अतिरिक्त, रखरखाव का मासिक शुल्क सुचारू रूप से एकत्रित करने के लिए पूरी कॉलोनी को सात ब्लॉकों में बांटकर ब्लॉक-वाइज उप-कमेटियां भी बनाई गईं।
आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत, भाईचारे का लिया संकल्प
बैठक के दौरान आरडब्ल्यूए कैशियर मनीष अंबावत ने कॉलोनी के आय और व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया। अंत में सभी सदस्यों ने आपसी भाईचारे व सद्भावना के साथ कॉलोनी के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महासचिव जगबीर पंवार, सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक दयानंद छिक्कारा, रामपाल चौहान, प्रो. सुखबीर सिंह, जोगेंद्र सिंह, मोनू राजावत, महिपाल, हर्ष तंवर, बीर आर्य, वीरेंद्र चौधरी, प्रदीप कौशिक, पंकज कुमार और अमित चौहान मौजूद रहे।