पानीपत। हनुमान जन्मोत्सव के लिए टेक्सटाइल नगरी में तैयारी पूरी कर ली गई हैं। इस बार जन्मोत्सव पर शहर में तीन शोभायात्रा निकाली जाएंगी और उनकी शुरुआत में 51 हजार बार हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। शहर में शाम सवा सात बजे एक साथ सामूहिक हनुमान चालीसा होगी। इस समय यात्रा को भी रोक दिया जाएगा। धार्मिक भजनों की जगह हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। लोगों से भी अपने घर व कार्य स्थल पर शाम को हनुमान चालीसा का पाठ करने की अपील की गई है।
श्री अवध धाम हनुमंत जन्मोत्सव शोभायात्रा और हनुमान जन्मोत्सव समिति की संयुक्त बैठक मंगलवार को जिमखाना क्लब में की। इसमें शाेभायात्रा की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया। वहीं लखदातार सेवा समिति ने मॉडल टाउन के मुल्तान भवन में बैठक कर तीसरी शोभायात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। हनुमान जन्मोत्सव समिति के संरक्षक विकास गोयल ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव जन्मोत्सव चैत्र की पूर्णिमा को मनाया जाता है। दो अप्रैल को प्राचीन देवी मंदिर से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा देवी मंदिर से निकलकर सलारजंग गेट से दो हिस्सों में हो जाएगा। एक मुख्य बाजार, हलवाई हट्टा और वीरभवन चौक से होकर कुटानी रोड श्री अवध धाम मंदिर पहुंचेगी। दूसरी यात्रा सलारगंज से इंसार चौक, अमर भवन चौक, भीम गोड़ा चौक से होकर श्री कांशीगिरी मंदिर पहुंचेगी। दोनों शोभायात्रा के रूट पर करीब 200 स्टॉल लगाए जाएंगे। रमेश माटा ने कहा कि शोभायात्रा में गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज, अरुण दास महाराज, स्वामी दयानंद सरस्वती महाराज, लाेकेश दास महाराज व दाऊजी महाराज समेत कई संत शामिल होंगे। सुधांशु महाराज श्री कांशीगिरी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कृष्ण रेवड़ी ने कहा कि श्रद्धालु शोभायात्रा में मन्नत का धागा बांध सकेंगे। इसके बाद इसे मेहंदीपुर बालाजी और सालासर चढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में करीब 22 हजार निमंत्रण पत्र व्यक्तिगत तौर पर दिए गए हैं। बाकी संस्थाओं व संगठनों को अलग से कहा गया है। वेद पारासर ने कहा कि इस बार अब तक की सबसे विशाल शोभायात्रा होगी। इससे पहले 12 बजे भंडारा और पूजा शुरू की जाएगी। शोभायात्रा दोपहर बाद ढाई बजे शुरू की जाएगी। डीजे सरकार द्वारा तय मापदंड पर बजाए जाएंगे। महाकाल से पालक व ताशे मंगवाए गए हैं। इस अवसर पर पूर्व पार्षद सुरेंद्र गर्ग, संजय अग्रवाल, महेश थरेजा, विशाल वर्मा, मुनीष जैन, प्रीतम गुज्जर, यश हुडिया मौजूद रहे।
लखदातार सेवा समिति ने श्री हनुमान जन्मोत्सव के लिए मॉडल टाउन के मुल्तान भवन में बैठक की। समिति के संस्थापक आशु दुआ ने कहा कि मॉडल टाउन क्षेत्र के इतिहास में पहली बार श्री हनुमान जन्मोत्सव भाव यात्रा का आयोजन दो अप्रैल को किया जाएगा। वरिष्ठ सदस्य महेंद्र हुड़िया ने बताया कि हनुमान स्वरूप के दर्शन लोगों को कराए जाएंगे। एडवोकेट मेहुल जैन और सुनील शर्मा ने बताया कि मेहंदीपुर बालाजी धाम के जल के के साथ-साथ सालासर से लाई अखंड धूने की भभूत का तिलक लगाया जाएगा। इस अवसर पर एडवोकेट पुजारी चेतन शर्मा, विशाल धवन, हरीश कोचर, गौरव लिखा, गिरिश माटा व आशीष अग्रवाल उपस्थित रहे।