पानीपत। डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सोमवार को डेंगू के तीन और नए केस मिले। अशोक विहार कॉलोनी की महिला, पूठर गांव के युवक व शहर की एक कॉलोनी से एक व्यक्ति की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। तीनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोमवार को 94 सैंपल की रिपोर्ट जारी की गई है। जिले में अब डेंगू के केस की संख्या 19 हो चुकी है। इनमें 13 पुरुष व छह महिलाएं शामिल हैं। जहां डेंगू के केस मिले हैं, स्वास्थ्य विभाग ने वहां नगर निगम व जिला पंचायती राज विभाग को फॉगिंग करने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर नगर निगम पहले ही शहर में फॉगिंग करने से इंकार कर चुका है। विभागों ने अब तक स्वास्थ्य विभाग से फॉगिंग की दवा भी नहीं ली है। नगर निगम की 10 फॉगिंग मशीनें खराब हैं। नगर निगम ने शहर के खाली प्लॉटों में जमा बरसात का पानी भी नहीं निकाला इसी में डेंगू व मलेरिया का लार्वा पनप रहा है। शहर की लगभग 40 कॉलोनियों के एक हजार से अधिक प्लॉटों में पानी भरा हुआ है। ऐसे में डेंगू का खतरा गंभीर होता जा रहा है। इस महीने में अब तक डेंगू के 15 केस मिल चुके हैं।
बाढ़ व बरसात के बाद डेंगू का लार्वा अधिक पनपा है। स्वास्थ्य विभाग जिले में डेंगू व मलेरिया के खिलाफ एंटी लार्वा एक्टिविटी चला रहा है। अब तक नौ लाख घरों की जांच हो चुकी है। 95683 लोगों की स्लाइड बनाई जा चुकी है। 5500 स्थानों पर डेंगू का लार्वा मिला है। सिविल सर्जन ने सभी निजी अस्पतालों को डेंगू व मलेरिया के सैंपलों की जांच सिविल अस्पताल में कराने के निर्देश दिए हैं।
शहर में फॉगिंग करने की जिम्मेदारी नगर निगम व ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज विभाग की है। स्वास्थ्य विभाग एंटी लार्वा एक्टिविटी चलाता है। लोगों के स्वास्थ्य की जांच करता है। अब तक नौ लाख घरों में लार्वा तलाशा जा चुका है। तीनों विभागों के तालमेल से डेंगू व मलेरिया के खिलाफ काम किया जाता है। लोगों से अपील है कि वो डेंगू व मलेरिया के खिलाफ जागरूक रहें। सोमवार को डेंगू के पांच केस मिले हैं।
- डॉ. सुनील संदूजा, डिप्टी सिविल सर्जन