पानीपत। जिले में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवक और एक महिला की मौत हो गई। जबकि एक युवक की हालत गंभीर है। पहली और दूसरी दुर्घटना सेक्टर-29 थाना क्षेत्र और तीसरी सदर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने परिजनों के बयान पर आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुर्घटना-1
बाइक की टक्कर से पति के सामने पत्नी घायल, दम तोड़ा
विकास नगर निवासी देवेंद्र कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी शोभा (39) कबीर फैक्टरी में काम करती थी। 26 जुलाई को पत्नी फैक्टरी गई थी। शाम छह बजे पत्नी ने फोन कर फैक्टरी लेने आने के लिए कहा। उसने पत्नी को सड़क पार कर गांव नीलोखेड़ी के नजदीक प्रिया नर्सरी के पास पहुंचने के लिए। कुछ समय में वह नर्सरी के पास पहुंचा तो उसकी पत्नी सड़क पार कर उसके पास आ रही थी। तभी समालखा की तरफ से आए एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे पार्क अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बुधवार को मौत हो गई। देवेंद्र ने बताया कि उनके तीन बच्चे है, जिनमें दो लड़की और एक लड़का है।
दुर्घटना-2
भाई की ससुराल से घर लौट रहे युवक की मौत, दोस्त घायल
गांव चुलकाना निवासी सोहनलाल ने बताया कि उसकी गांव उझा में ससुराल है। मंगलवार को उसका भाई मोहित (24) और उसका दोस्त अक्षय चुलकाना से पानीपत किसी काम से आए थे। उसके बाद वह उसकी ससुराल उझा में रुक गए। वे बुधवार को पांच बजे गांव उझा से गांव चुलकाना के लिए चले थे। गांव सिवाह के सामने पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते दोनों सड़क पर जा गिरे। भाई के सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा और दोस्त को आयुष्मान अस्पताल में भर्ती कराया, वहीं वह अपने भाई को सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचा तो डॉक्टर ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया। सेक्टर-29 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। सोहन ने बताया कि मोहित शादीशुदा था। चार साल पहले उसकी शादी हुई थी। मोहित को एक साल पहले बेटी हुई थी, जिसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी।
दुर्घटना-3
अविवाहित युवक की बाइक की टक्कर से जान गई
गांव जालपाड़ निवासी अनिल ने बताया कि मंगलवार को वह अपने मौसेरे भाई संदीप पुत्र डालू निवासी बापौली के साथ पानीपत निजी काम से गया था। जहां से वह दोनों अलग अलग बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जब वे गांव निंबरी से बापौली रोड पर सरस्वती फैक्टरी के पास पहुंचे तो सामने से एक बाइक सवार तेज गति में आया और सीधा संदीप को टक्कर मार दी। हादसे में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। वह संदीप को सड़क किनारे कच्चे में लेटाकर अपने घर परिजनों को बुलाने के लिए चला गया। जब वह आधे घंटे बाद आया तो संदीप नहीं मिला। वह सामान्य अस्पताल पहुंचा तो पता चला कि डॉक्टर ने उसके भाई को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वे रोहतक पहुंचे तो डॉक्टर ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया था। परिजनों ने बताया कि संदीप दो बहनों से बड़ा था और कुंवारा था। वह सेक्टर 25 स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। संदीप के पिता की पांच साल पहले मौत हो गई थी। संदीप के कंधों पर ही घर की जिम्मेदारी थी।
तीनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए है। वहीं परिजनों के बयान पर रिपोर्ट दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
- सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय