पानीपत। सीआईए वन की टीम ने पंजाब के दो दोस्तों पर हमला कर मोबाइल व पावर बैंक लूट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में प्रयुक्त बुलेट, एक्टिवा व लूटा गया पावर बैंक बरामद किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। इस संबंध में सेक्टर 29 पुलिस थाना में लुधियाना के गोविंद नगर निवासी सुमित शर्मा की शिकायत पर केस दर्ज है।
सीआईए वन प्रभारी संदीप ने बताया कि उनकी टीम सोमवार की रात को चौटाला रोड पर गश्त कर रही थी। टीम को सूचना मिली थी कि चौटाला रोड पर पावर हाउस के सामने बने कोठरे में तीन युवक बैठे हैं। वह सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। यहां से तीनों युवकों को हिरासत में लिया गया। इनकी पहचान सिवाह गांव निवासी संदीप उर्फ लाला, पारुल व रवि के रूप में हुई।
गहनता से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने 18 फरवरी की शाम बुलेट व एक्टिवा पर सवार होकर सिवाह बस अड्डा के नजदीक दो युवकों से मारपीट कर मोबाइल व पावर बैंक लूटने की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।