पानीपत। थाना तहसील कैंप क्षेत्र के फतेहपुरी चौक के पास युवक का रास्ता रोक कर मारपीट करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार देर शाम पुलिस ने तहसील कैंप क्षेत्र से तीनों आरोपियों विकास नगर निवासी अमन उर्फ भज्जी, रामनगर निवासी साहिल उर्फ डिडा व जगजीवन राम कॉलोनी निवासी सुखदेव उर्फ सूखा को गिरफ्तार किया।
तहसील कैंप थाना प्रभारी दीवान सिंह ने बताया कि तहसील कैंप कृष्णा नगर निवासी धर्मेंद्र ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि 27 जुलाई की रात को वह खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकला था। फतेहपुरी चौक हनुमान मंदिर के पास आठ-10 युवकों ने उसके साथ मारपीट की थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों अमन उर्फ भज्जी, साहिल उर्फ डिडा व सुखदेव उर्फ सूखा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।