पानीपत। सदर थाना पुलिस ने शुक्रवार शाम को रिफाइनरी रोड से बिजली के खंभों की एंगल व मोटरसाइकिल चोरी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी विशाल, मुकेश व बिंटू निवासी मूनक करनाल के कब्जे से एंगल और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
सदर थाना प्रभारी नीरज ने बताया कि वीरवार को रिफाइनरी गोल चक्कर के पास निर्माणाधीन बिजली के लाइन के खंभों एंगल और मोटरसाइकिल चोरी हुई थी।शुक्रवार को पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध युवक बाइक पर सवार होकर घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत ही दबिश देकर गोल चक्कर के पास से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो उन्होंने खंभों से लोहे के एंगल चोरी किए थे। जनवरी व फरवरी माह में रिफाइनरी के गेट नंबर एक व पांच के पास से दो मोटरसाइकिल भी चोरी करना स्वीकार किया है। संवाद