पानीपत। डाहर गांव स्थित चीनी मिल में नए पेराई सत्र की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार 65 लाख क्विंटल गन्ना पेराई करने और करीब 30 करोड़ रुपये की बिजली का उत्पादन कर बेचने का लक्ष्य रखा है।
सहकारी शुगर मिल में शुक्रवार को हवन कर मशीनों को लगाने का काम शुरू किया। एमडी संदीप कुमार, इसराना एसडीएम नवदीप सिंह नैन और सीएओ कैलाश चंद्र ने हवन में आहुति डाली। एमडी संदीप कुमार ने बताया कि चीनी मिल की हर रोज 50 हजार क्विंटल पेराई करने की क्षमता है। नए सत्र के लिए मशीनरी को असेम्बल करना शुरू कर दिया है। मिल की मशीनरी की रिपेयर चल रही थी। उसमें अधिकतर मशीनरी को खोल दिया जाता है। अब मशीनों को पुन: जोड़ा जा रहा है। इस बार मिल में 65 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई करने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ मिल में लगी 28 मेगावाट क्षमता की टरबाइन से 30 करोड़ रुपये की बिजली उत्पादन की जाएगी। इसे एचवीपीएन को बेचने का लक्ष्य रखा है। इस अवसर पर चीफ इंजीनियर राजकुमार, चीफ केमिस्ट बीएस हुड्डा, लेखाधिकारी यशपाल, डिप्टी चीफ इंजीनियर रवि मान व डिप्टी चीफ केमिस्ट अमरीश उपस्थित रहे।