संवाद न्यूज एजेंसी
मतलौडा। सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाटल में सीआरसी स्तर पर प्रभावशाली कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने की, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य व क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
राकेश बूरा ने नामांकन वृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए शिक्षकों व समाज से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने सरकारी स्कूलों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हो रही है। उन्होंने लाडो लक्ष्मी योजना, सुपर-100, बुनियाद कार्यक्रम और मिड-डे मील जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए अभिभावकों को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
घर-घर संपर्क अभियान पर जोर देते हुए अबकी बार 10 हजार पार का लक्ष्य निर्धारित किया गया और जय शिक्षा, जय शिक्षक, जय शिक्षार्थी का प्रेरणादायक नारा दिया। प्रधानाचार्य कुसुम बंसल ने सबका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जाटल गांव के सरपंच हरपाल कादयान, एसएमसी प्रधान रजनी, कुलदीप, अलका लांबा, अनीता बठला, मोहनलाल, राकेश कुमार व विकास उपस्थित रहे।