पानीपत। सीआईए टू पुलिस टीम ने पसीना खुर्द गांव में शादी समारोह में पिस्तौल से हर्ष फायरिंग करने मामले में तीसरे आरोपी को वीरवार देर शाम नई सब्जी मंडी से गिरफ्तार किया। आरोपी ने 10 नवंबर 2024 को हर्ष फायरिंग की थी। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि उनकी टीम ने फिरोज निवासी बहरामपुर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी फिरोज ने बताया 10 नवंबर 2024 को डाडोला गांव निवासी उसके मामा के लड़के शाहरुख की बारात पसीना खुर्द गांव में गई थी। वह भी बारात में गया था। वहा नाचते हुए रौब दिखाने के लिए उसने मामा के लड़के खुर्शीद से उसका लाइसेंसी डोगा बंदूक लेकर हवा में लहराया और बाद में अपने गांव में रौब दिखाने के लिए उस डोगा बंदूक को घर ले आया था। पुलिस ने आरोपी फिरोज के कब्जे से डोगा बंदूक बरामद कर शुक्रवार को पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया। इस मामले में गिरफ्तार हो चुके आरोपी खुर्शीद व गयूर सेख निवासी डाडोला के कब्जे से हर्ष फायरिंग की वारदात में प्रयुक्त एक लाइसेंसी रिवाल्वर, लाइसेंस व चार गोलियां बरामद की जा चुकी है।