माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत/मतलौडा। थाना मतलौडा क्षेत्र के कुराना गांव में 14 मई को आईटीआई छात्र तनिष की चाकू मारकर हत्या के मामले में सीआईए-1 पुलिस टीम ने तीसरे आरोपी कुराना गांव निवासी धीरज को शिव नगर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
सीआईए-1 प्रभारी फूल कुमार ने बताया कि बुधवार देर शाम पुलिस टीम ने शिव नगर क्षेत्र से धीरज को पकड़ा। पूछताछ में उसने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
गौरतलब है कि 14 मई की दोपहर करीब एक बजे तनिष की गांव के स्कूल के बाहर चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की मां सुमन ने गांव के ही विजय और उसके दो साथियों पर हत्या का आरोप लगाया था। शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर की थी।
पुलिस ने इससे पहले आरोपी विजय और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के दौरान तीसरे आरोपी धीरज का नाम सामने आने के बाद उसकी तलाश की जा रही थी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने उसे बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।