पानीपत। थाना पुराना औद्योगिक पुलिस ने काबड़ी गांव में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के तीसरे आरोपी को सोमवार शाम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान कैथल जिले के फतेहपुर पूंडरी गांव के श्याम उर्फ सुमित के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर मंगलवार को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
थाना पुराना औद्योगिक प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपी श्याम उर्फ सुमित ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने दो साथी आरोपियों पर पुंडरी निवासी प्रवीन व करौदा निवासी विक्रम उर्फ अन्नू के साथ मिलकर काबड़ी निवासी सतपाल उर्फ काला पर चाकू से जानलेवा हमला करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पूछताछ में आरोपी प्रवीन ने पुलिस को बताया था कि काबड़ी गांव में उसकी मौसी सतपाल के पड़ोस में रहती थी। उसकी करीब तीन चार महीने पहले मौत हो चुकी है, उसको शक था मौसी की हत्या सतपाल ने की है, इसकी रंजिश रखते हुए वह और उसके दोनों साथी आरोपी 11 जनवरी की रात कार में सवार होकर काबड़ी गांव में आए और सतपाल से घर का दरवाजा खुलवाकर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक चाकू व कार बरामद कर पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया। पुलिस आरोपी श्याम उर्फ सुमित की धरपकड़ में लगी थी।