नूरवाला में चोरों ने मोटर रिपयेरिंग की दुकान को निशाना बनाया और बिना ताला तोड़े ही शटर को बीच से उखाड़ दिया। दुकान के अंदर घुसकर लॉकर से 48 हजार रुपये नकद और करीब एक लाख रुपये का कॉपर का तार चोरी कर फरार हो गए। सेक्टर 13-17 थाना पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जसबीर कॉलोनी निवासी राजपाल ने बताया कि उसकी नूरवाला में सविता मोटर रिपेयरिंग की दुकान है। बुधवार रात करीब 11:30 बजे वह दुकान बंद करके घर चला गया था। वीरवार को सुबह उनके पड़ोसी दुकानदार सुभाष ने फोन कर दुकान का शटर उखड़ा होने की सूचना दी। वह दुकान पर पहुंचा और अंदर जाकर सामान चेक किया तो अलमारी खुली थी और लॉकर का ताला टूटा हुआ था। लॉकर में रखी 48 हजार रुपये की नकदी गायब मिली और दुकान के अंदर से 100 किलो कॉपर की तार और 55 किलो स्क्रैप चोरी मिला।
सीसीटीवी में दिख रही छह महिलाओं पर शक
पीड़ित ने बताया कि उनकी दुकान के पास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। उन्होंने मेन रोड पर भारत गैस एजेंसी के पास लगे कैमरों की फुटेज चेक की तो रात 12:48 बजे छह संदिग्ध महिलाएं दिख रहीं हैं, जो लोहा और अन्य स्क्रैप ढूंढकर इकट्ठा करने का काम करती हैं। शक है कि उन्हीं महिलाओं ने किसी अन्य के साथ मिलकर चोरी की है।
दुकानदार की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सुनीता, थाना प्रभारी 13-17