पानीपत। थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र के सुताना गांव में चोरों ने एक टेक्सटाइल फैक्टरी में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर फैक्टरी की शेड फाड़कर अंदर घुसे और मशीनों की पांच मोटर व सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर चोरी कर ले गए।
सुताना गांव के राजेंद्र ने बताया कि वह रुहू टेक्सटाइल फैक्टरी में मास्टर हैं। सोमवार रात को करीब 12 बजे चोर उनकी फैक्टरी की शेड उखाड़ कर अंदर घुस गए और मशीनों से पांच बिजली की मोटर चोरी कर ली। इसके साथ ही कूलर और कंप्रेसर मशीन की मोटर भी चोरी कर ली। जाते समय चोरों ने फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर भी अपने साथ ले गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। थाना पुराना औद्योगिक प्रभारी अरविंद ने बताया कि चोरों की तलाश के लिए टीम गठित की है।