- चरित्र के शक में की थी पत्नी की हत्या, मायका और ससुराल पक्ष के बीच हुई तनातनी
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थिराना गांव में सोमवार को पति ने चरित्र पर शक के चलते कहासुनी में अपनी पत्नी प्रिया (29) की डंडों से पिटाई की थी। एक डंडा उनके सिर में मार दिया था। आरोपी पति रोशन ने पूछताछ में आरोपों को कबूल किया है। वहीं मृतक महिला के परिजनों ने पति के भाई व अन्य पर भी हत्या में शामिल होने के आरोप लगाए और जिला नागरिक अस्पताल में हंगामा किया। मायका और ससुराल पक्ष में शव लेने के लिए चार घंटे तक तनातनी रही। मायका पक्ष के लोग शव बांध ताे ससुराल पक्ष के लोग थिराना गांव ले जाने की जिद पर अड़े रहे। दोनों गांवों के सरपंच और मौजिज लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर शव का अंतिम संस्कार थिराना गांव में करने का फैसला लिया।
बांध गांव के रणधीर ने मतलौडा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी प्रिया की शादी वर्ष 2017 में थिराना गांव के रोशन के साथ की थी। रोशन एक पैर से दिव्यांग है। उनके तीन बच्चे दो बेटे और एक बेटी हैं। वह प्रिया के चरित्र पर शक करता था। जिस कारण वह उसके साथ मारपीट करता था। रोशन और उसके परिवार के लोगों ने सोमवार को प्रिया की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वहीं वीना ने बताया कि रोशन उनकी बहन के चरित्र पर शक करते थे। जबकि प्रिया कई बार उनको सच्चाई बता चुकी थी। वे उनकी बातों पर यकीन नहीं कर रहे थे। मतलौडा थाना की पुलिस ने मंगलवार को परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया।
दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई
मायके पक्ष से बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मंगलवार को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पति रोशन के साथ उसके भाइयों और अन्य परिजनों पर हत्या में शामिल होने के आरोप लगाए। उन्होंने सबकी गिरफ्तारी और आरोपियों को फांसी देने की मांग की। आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव उठाने से इन्कार कर दिया। इसके साथ ही परिजन शव बांध गांव ले जाने की बात करने लगे। वहीं प्रिया के सुसराल पक्ष के लोग शव को थिराना गांव ले जाने को कहने लगे। जिस कारण काफी देर तक दोनों पक्षों में तनातनी रही। इसके बाद बांध गांव और थिराना गांव के सरपंच और जिम्मेदार लोग नागरिक अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने आरोपी पति रोशन को गिरफ्तार कर लिया।
थिराना गांव में पत्नी की हत्या के आरोप में पति रोशन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों ने पति के भाइयों पर भी हत्या के आरोप लगाए हैं। इसकी जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-राजबीर सिंह, डीएसपी