- डाक विभाग ने जनसुविधा को देखते हुए बढ़ाया समय
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। अब डाकघर में रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट बुकिंग का समय बढ़ा दिया गया है। पहले सुबह आठ से शाम चार बजे तक डाकघर खुला रहता था। अब डाकघर में सुबह आठ से रात आठ बजे तक काम करा सकेंगे। इस फैसले से विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।
डाकघर का नया समय 17 जुलाई को लागू हो चुका है। एक निजी स्कूल के शिक्षक ने बताया कि उन्हें कई बार दस्तावेज भेजने की आवश्यकता होती थी लेकिन स्कूल की ड्यूटी के कारण शाम चार बजे से पहले डाकघर पहुंचना मुश्किल होता था। अब रात आठ बजे तक समय मिलने से उन्हें काफी सहूलियत होगी। यह निर्णय उन लोगों के लिए भी उपयोगी साबित होगा जो दूर-दराज के क्षेत्रों से आते हैं और शहर के डाकघर तक पहुंचने में समय लगता है। अब वे भी आराम से डाक सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। साथ ही विभाग की आमदनी बढ़ने की भी संभावना है क्योंकि ज्यादा लोग अब इस सुविधा का लाभ उठा पाएंगे।
अब नहीं करना पड़ेगा इंतजार
पोस्टमास्टर सुरेश कुमार राठौर ने बताया कि लंबे समय से लोगों की मांग थी कि डाक सेवाएं शाम के बाद भी उपलब्ध कराई जाएं। कई लोग दिन के समय अपनी व्यस्तता के कारण कार्यालय नहीं पहुंच पाते थे। ऐसे में स्पीड पोस्ट और रजिस्ट्री बुकिंग के लिए उन्हें अगले दिन तक इंतजार करना पड़ता था। इन सबको देखते हुए विभाग ने डाक सेवाओं का समय बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब सुबह आठ से रात आठ बजे तक कोई भी व्यक्ति डाकघर आकर रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट बुकिंग सेवाओं का लाभ ले सकता है। इस व्यवस्था से जहां आमजन को राहत मिलेगी। वहीं डाक विभाग की कार्यक्षमता और सेवाओं की पहुंच भी बढ़ेगी।