इसराना। इसराना में सिलिंडर बुकिंग की साइट नहीं चलने के कारण उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जहां देश भर में गैस सिलिंडरों के लिए मारामारी होने खबरें आ रही है वहीं इसराना में एक मात्र शहीद विजय गैस सर्विस के संचालकों का दावा है कि गैस सिलिंडरों की कोई किल्लत नहीं है।
उपभोक्ता अपना गैस सिलिंडर की बुकिंग कराकर सिलिंडर ले जा सकता है, साथ ही शुक्रवार को एजेंसी पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण भी किया।
विज्ञापन
एजेंसी पर सिलिंडर लेने पहुंचे उपभोक्ता सुभाष, संदीप, राकेश, अजय व विकास ने बताया कि वे लगातार दो दिनों से सिलिंडर की बुकिंग के लिए टोल नंबर पर बुकिंग करने का प्रयास कर रहे है लेकिन साइट सही ढंग से नहीं चल रही। इस कारण सिलिंडरों की बुकिंग नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि घर पर गैस सिलिंडर खत्म हो गया व उधर बुकिंग में हो रही देरी से उन्हें कई दिनों से परेशानी झेलनी पड़ रही है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक चिरंजीत व हरदेव ने शुक्रवार को विजय गैस सर्विस पर पहुंच कर निरीक्षण कर स्टॉक व वितरण की जांच की। तो उन्होंने एजेंसी के हालात संतोष जनक बताए। निरीक्षण के दौरान स्टॉक में 579 घरेलू गैस सिलिंडर मिले व 475 सिलिंडरों की बुकिंग होने पाई गई। शहीद विजय गैस सर्विस की संचालक बिमला देवी ने बताया कि एजेंसी में गैस सिलिंडर पर्याप्त मात्रा में है कोई भी उपभोक्ता तय की गई समय अवधि में सिलिंडर के लिए बुकिंग कराकर गैस सिलिंडर ले जा सकता है।