पानीपत। जलालपुर गांव स्थित गोरजा इंटरनेशनल फैक्ट्री में दो ट्रैक्टर चालकों समेत तीन लोगों की हत्या के मामले में एसआईटी ने ट्रैक्टर चालकों के परिजनों के बयान दर्ज किए। परिजनों ने थाना बापौली पहुंचकर एसआईटी सदस्य अतर सिंह को अपने बयान दर्ज किए। उन्होंने फैक्ट्री मालिकों पर हत्या कर शवों को फेंकने के आरोप लगाए। एसआईटी फैक्ट्री की डीवीआर सोमवार को पंचकूला लैब में लेकर जाएगी।
मृतक इस्लाम के भाई गयूर ने बताया कि इस्लाम और कुरबान के ट्रैक्टर फैक्ट्री से अलग-अलग समय में निकलते थे। वे ड्यूटी खत्म कर एक साथ घर आते थे। फैक्टरी मालिकों के साथ ओवरटाइम के पैसों को लेकर विवाद था। उनके साथ पिछले दिनों मारपीट की थी और जान से मारने की धमकी दी थी। सात अक्टूबर को उनकी इस्लाम व कुरबान की हत्या कर दी। इसके बाद फैक्ट्री में मेंटेनेंस का काम करने वाले सुरेश की हत्या कर दी। उनके शवों को फैक्ट्री के केमिकल युक्त पानी के टैंक में फेंक दिए। फैक्ट्री के सिक्योरिटी गार्ड को पूरे मामले की जानकारी है। थाना सनौली पुलिस ने इसमें फैक्ट्री मालिक नवीन, विष्णु और सौरभ पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
एसआईटी के सदस्य एवं थाना बापौली प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि टीम गहनता के साथ मामले की जांच कर रही है। पुलिस सोमवार को डीवीआर पंचकूला लैब में लेकर जाएगी। लैब की रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।